मिर्जापुर जनपद में कई दिनों से खाद की किल्लत और ओवर रेटिंग से खाद बेचने की शिकायत मिलने को लेकर जिला अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनपद के तहसील, ब्लॉक और न्याय स्तर पर नोडल अधिकारी बनाकर निर्देशित किया कि अपने आंवटित समस्त उर्वरक बिक्री केन्द्रों पर निर्धारित दर पर उर्वरक विक्रय सुनिश्चित कराएंगे.इस दौरान ओवर-रेटिंग तथा टैगिंग में दोषी पाये जाने पर फुटकर उर्वरक विक्रेता सिंह फर्टिलाइजर एजेन्सी, सुगापाख, पटेहरा और आदर्श कृषि सेवा केन्द्र, ड्रमण्डगंज, लालगंज को सील कर दिया गया है वही उर्वरक बिक्री में अनियमितता बरतने पर थोक उर्वरक विक्रेता फर्टिलाइजर ट्रेडर्स, जोगवा माइनर, जमालपुर और सिंह फर्टिलाइजर, जोगवा माइनर, जमालपुर का लाइसेन्स निलम्बित कर दिया गया हैं. जिससे दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है. जनपद में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है यूरिया की कुल उपलब्धता 7063.00 मीट्रिक टन, डीएपी की उपलब्धता 3811.00 मीट्रिक टन,एसएसपी की उपलब्धता 931.00 मीट्रिक टन तथा, एनपीएस की उपलब्धता 1775.00 मैट्रिक टन है. जनपद की कुल 86 सहकारी समितियों पर उर्वरक की कोई कमी नहीं है साथ उर्वरको के जमाखोरी तथा कालाबाजारी को रोकने के लिये विकास भवन पथरहिया स्थित जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है. जिसका मोबाइल नम्बर-9305731257 व 9125607088 है, किसान उर्वरक तथा बीज क्रय सम्बन्धित किसी भी समस्या के लिये प्रातः 10.00 से शाम 5.00 बजे तक सम्पर्क कर सकते है.
Tag :Copyright © 2017 NewsaddaaclickAll Right Reserved.