मिर्जापुर जनपद की पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने 20 लाख रुपए के गांजा के साथ चार गांजा तस्करों को पकड़ा है. किराए के मकान में मामा भांजे उड़ीसा से गांजा मंगवा कर फुटकर में सप्लाई किया करते थे.पुलिस ने गांजा लाने वाले और सप्लाई करने वाले सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मिर्जापुर के पड़री पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.पुलिस ने एसओजी सर्विलेंस टीम के साथ मिलकर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों का भंडाफोड़ किया है. जो किराए के मकान में गांजा रखकर फुटकर सप्लाई किया करते थे. मामा भांजे मकान किराए में लेकर उड़ीसा से गांजा मंगवा कर सप्लाई करते थे. पुलिस ने उनके पास से 74 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ एक स्विफ्ट डिजायर कार और बाइक बरामद किया है जो गांजा सप्लाई में प्रयोग करते थे. बताया जा रहा पड़री थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर भवरख गांव में हाईवे से सटे एक मकान में गांजा तस्करों के सूचना पर थाना पुलिस, सर्विलांस और एसओजी ने छापा मारा तो चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 74.500 किग्रा गांजा बरामद किया.पुलिस लाइन के मनरोंजन कक्ष में सोमवार को पत्रकार वार्ता कर सीओ सदर अमर बहादुर ने खुलासा करते हुए बताया कि उड़ीसा से गांजा लाकर सप्लाई करते थे. गांजा के परिवहन में प्रयोग की जाने वाली स्विफ्ट कार भी बरामद हुआ है. बरामद गांजे की कीमत 20 लाख रुपए और कार की 10 लाख है. पकड़े गए तस्करों पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है. गिरफ्तार गांजा तस्करों में दीपक कुमार पांडेय अकोढ़ी विंध्याचल मिर्जापुर का रहने वाला है, दूसरा ओम प्रकाश मौर्य उर्फ गुंडा मौर्य प्रयागराज जनपद के हंडिया थाना क्षेत्र के कांगापुर गांव का रहने वाला है, तीसरा गांजा तस्कर राजेश कुमार मौर्य मिर्जापुर जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के रानीबारी गांव का रहने वाला है और चौथा गांजा तस्कर संदीप तिवारी मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के कोटवा गांव का रहने वाला है. इसमें मुख्य आरोपी ओमप्रकाश मौर्य है जो गांजा उड़ीसा से लाकर दीपक कुमार पांडेय और संदीप तिवारी को देता था. दीपक कुमार पांडे और संदीप तिवारी मामा भांजे हैं जो किराए पर मकान लेकर गांजा उसमें रखकर फुटकर सप्लाई किया करते थे, फिलहाल पुलिस ने सभी से पूछताछ कर जेल भेज दिया है और उनके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है.
Tag :Copyright © 2017 NewsaddaaclickAll Right Reserved.